पंचकूला | पंचकूला के कालका क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब हाउसिंग बोर्ड बस स्टैंड के सामने एक फास्ट फूड दुकान में अचानक जोरदार धमाका हो गया। ब्लास्ट इतना तेज था कि दुकान का बंद शटर सड़क पर दूर जा गिरा, और मौके पर आग भी भड़क उठी।
घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। धमाके के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। दुकान के पास खड़ी बाइक और स्कूटी भी धमाके से नीचे गिर गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, वहीं फॉरेंसिक टीम ने नमूने इकट्ठा कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, धमाके का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द घटना के पीछे की वजह साफ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।