4 August, 2025134वें डूरंड कप के 12वें मैच दिवस पर सोमवार को दो रोमांचक ग्रुप मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में इम्फाल के खुमान लम्पक स्टेडियम में स्थानीय टीम टीआरएयू एफसी का सामना रियल कश्मीर एफसी से होगा। यह ग्रुप एफ का पहला मैच होगा, जिसकी शुरुआत शाम 4 बजे होगी। दोनों ही टीमें अब तक जीत दर्ज नहीं कर पाई हैं और नॉकआउट चरण में पहुँचने की उम्मीदें बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी।टीआरएयू एफसी ने अपने पिछले मैच में नेरोका एफसी के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। टीम ने राइट बैक राज के शानदार कर्लिंग शॉट से बढ़त बनाई थी, लेकिन विंगर धनचंद्र को लाल कार्ड मिलने के बाद अंतिम 30 मिनट उन्हें 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। इसी दौरान नेरोका ने बराबरी का गोल दाग दिया और टीआरएयू को जीत से वंचित कर दिया।दूसरा मुकाबला शाम 7 बजे कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (वीवाईबीके) में खेला जाएगा, जहाँ मोहन बागान सुपर जायंट्स का सामना बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स फुटबॉल टीम (बीएसएफ एफटी) से होगा। कोलकाता की टीम घरेलू समर्थन का फायदा उठाते हुए लगातार जीत के सिलसिले को बनाए रखने की कोशिश करेगी।