Chandigarh, 4 August
लक्ष्य ज्योतिष संस्थान चंडीगढ़ द्वारा रविवार को 16वां निःशुल्क ज्योतिष परामर्श शिविर एवं सम्मेलन आयोजित किया गया। यह आयोजन सेक्टर 29 स्थित गढ़वाल भवन में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में ओंकार चैरिटेबल फाउंडेशन के चेयरमैन एवं समाजसेवी रविन्द्र सिंह बिल्ला शामिल हुए। उन्होंने संस्थान के संस्थापक ज्योतिषाचार्य रोहित कुमार को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे शिविर लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान और उचित उपाय जानने का अवसर प्रदान करते हैं।
उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आए ज्योतिषाचार्यों ने वैदिक, हस्त रेखा, टैरो कार्ड, अंक गणित, स्पिरिचुअल हीलिंग, रेकी, लाल किताब, वास्तु, नाड़ी एवं केपी ज्योतिष जैसी विधाओं में परामर्श दिया। इस अवसर पर ओमनाथ योगी, माधवी वर्मा, तमन्ना वर्मा समेत कई विद्वान उपस्थित रहे।लगभग 150 से अधिक ज्योतिष विशेषज्ञों ने गृह क्लेश, पारिवारिक शांति, व्यापार वृद्धि, वैवाहिक जीवन, विदेश में बसने, स्वास्थ्य और बच्चों के भविष्य से जुड़ी जिज्ञासाओं के समाधान बताए।
संस्थान के चेयरमैन ज्योतिषाचार्य रोहित कुमार और वाइस प्रेसिडेंट पियूष कुमार ने बताया कि यह शिविर पूर्णतः निःशुल्क रखा गया था, जिसका उद्देश्य वैदिक ज्योतिष विद्या का प्रचार-प्रसार करना है। आयोजन के अंत में आए हुए विद्वानों को ट्रॉफी, मोमेंटो, प्रशंसा पत्र और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।