Shimla,Sanju
हिमाचल प्रदेश में लॉटरी शुरू करने के सरकार के फैसले पर विपक्ष लगातार हमलावर है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लॉटरी शुरू करने के पीछे एक बड़ी डील हुई है, जिसकी योजना हिमाचल से बाहर, पंजाब में बनाई गई।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि इसके पीछे एक लॉबी सक्रिय है जो सरकार पर दबाव बना रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लॉटरी हिमाचल में शुरू होनी है, तो सौदा प्रदेश के बाहर क्यों और किसके साथ हुआ, और इसकी कीमत कितनी थी?उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी हिमाचल में लॉटरी सिस्टम शुरू किया गया था, जिसे धूमल सरकार ने बंद किया था क्योंकि इससे कई परिवार बर्बाद हुए और घर तक नीलाम हो गए। बाद में वीरभद्र सरकार ने इसे फिर शुरू किया, लेकिन आत्ममंथन के बाद दोबारा बंद कर दिया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद आय बढ़ाने के बड़े-बड़े वादे किए थे, जैसे वाटर सेस लगाना और एक्साइज पॉलिसी बदलना, लेकिन नतीजा उलटा हुआ — प्रदेश की आय घट गई, शराब के ठेके बढ़ गए और स्कूल बंद हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार टैक्स पर टैक्स लगा रही है, फिर भी आर्थिक स्थिति बदतर है, यहां तक कि हाईकोर्ट को फाइनेंशियल इमरजेंसी लगाने की टिप्पणी करनी पड़ी।