इस्लामाबाद | पाकिस्तान और ईरान ने अपने द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा 3 अरब डॉलर से बढ़ाकर 10 अरब डॉलर तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। यह फैसला रविवार को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की उच्चस्तरीय बैठक के बाद हुआ। दोनों देशों के बीच 12 अहम समझौतों और समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिनमें व्यापार, कृषि, विज्ञान-तकनीक, आईटी और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
प्रधानमंत्री शरीफ ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पाकिस्तान और ईरान अब साझा सीमा पर आतंकवाद के खिलाफ सहयोग भी और मजबूत करेंगे। उन्होंने ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम का समर्थन करते हुए इजराइल द्वारा हाल में हुए हमलों की निंदा की।
व्यापार विस्तार की दिशा में यह सहमति पाक वाणिज्य मंत्री जाम कमाल खान और ईरानी उद्योग मंत्री मोहम्मद अताबाक की बैठक के दौरान बनी। दोनों देशों ने सीमा से जुड़ी बाधाओं को हटाने और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में विश्वास आधारित साझेदारी बढ़ाने पर सहमति जताई।
राष्ट्रपति पेजेशकियान ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा, जिससे दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों में नई रफ्तार आएगी। पाकिस्तान ने इस समझौते को एशियाई क्षेत्रीय व्यापार के लिए अहम कड़ी बताया है।
इस रणनीतिक साझेदारी के ज़रिए पाकिस्तान और ईरान सिर्फ व्यापार ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता और सहयोग के नए अध्याय की ओर भी बढ़ रहे हैं।