दौसा | राजस्थान के दौसा जिले में शुक्रवार शाम सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने पांच जिंदगियां लील लीं। लोहे की गाटरों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रही कार पर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कलाई के कट के पास हुआ यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह ट्रेलर के नीचे दब गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण बचाव के लिए जुट गए। पुलिस ने पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया, लेकिन चार लोगों ने मौके या अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया।
मृतकों में कोचिंग संचालक और छात्राएं
पुलिस के अनुसार, मृतकों में महुवा के कोचिंग सेंटर संचालक यादराम मीणा, मुकेश महावर, अर्चना मीणा, मोनिका और उसकी बहन वेदिका शामिल हैं। बताया गया कि वे सभी परीक्षा देकर लौट रहे थे। शुरुआती जांच में आशंका है कि ट्रेलर चालक को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ। मामले की जांच जारी है।