महेंद्रगढ़ | महेंद्रगढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंडियन नेवी के 26 वर्षीय जवान रवि कुमार की मौत हो गई। रवि हाल ही में रक्षाबंधन की छुट्टी लेकर घर आए थे। शनिवार देर रात, जब वह अपने दोस्त को कनीना छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रवि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक घटना स्थल छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें रवि की बाइक का नंबर नारनौल का दिख रहा था। इससे लोगों ने उनकी पहचान कर ली। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए कनीना अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया।
रवि के बड़े भाई प्रवीण ने बताया कि रवि तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी शादी मात्र तीन महीने पहले अप्रैल में हुई थी। वह छुट्टी पर चार दिन पहले ही घर आए थे। प्रवीण ने बताया कि वह रात को दोस्त को छोड़कर लौट रहे थे जब यह हादसा हुआ।
यह हादसा परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ा सदमा है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।