पंजाब | पंजाब में इस समय मानसून पूरी तरह सक्रिय है और कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी झमाझम बारिश जारी रहने के आसार हैं। आज होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और गुरदासपुर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
चंडीगढ़ में भी 15 अगस्त तक बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश से जहां मौसम सुहावना हो गया है, वहीं नदियों के किनारे बसे इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा के चलते डैम का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है, जिससे निचले इलाकों में चिंता का माहौल है।