14 August, 2025
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने खालिद जमील को भारतीय पुरुष सीनियर राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने बताया कि यह निर्णय हाल ही में हुई कार्यकारी समिति की बैठक में लिया गया। लगभग 20 साल बाद किसी भारतीय को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दो दशक बाद भारतीय को मिली कमान
दो साल के अनुबंध (एक वर्ष बढ़ाने के विकल्प के साथ) पर हस्ताक्षर करने वाले जमील 15 अगस्त से बेंगलुरु के द्रविड़-पादुकोण सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में अपना पहला प्रशिक्षण शिविर शुरू करेंगे। उनका पहला टूर्नामेंट सीएएफए नेशंस कप होगा, जिसमें भारत ग्रुप बी में ताजिकिस्तान, ईरान और अफगानिस्तान से भिड़ेगा।48 वर्षीय जमील इंडियन सुपर लीग और आई-लीग में कोचिंग का व्यापक अनुभव रखते हैं। उन्होंने 2016-17 में आइजोल एफसी को ऐतिहासिक आई-लीग खिताब दिलाया और जमशेदपुर एफसी, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड, ईस्ट बंगाल, मोहन बागान, मुंबई एफसी जैसे क्लबों का प्रबंधन किया। हाल ही में उन्होंने जमशेदपुर एफसी को कलिंगा सुपर कप 2025 के फाइनल तक पहुंचाया।पूर्व अंतरराष्ट्रीय मिडफील्डर के रूप में, जमील ने 15 मैच खेले हैं और 1997 में SAFF चैंपियनशिप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे। उन्होंने क्लब स्तर पर नेशनल फुटबॉल लीग, फेडरेशन कप और IFA शील्ड में भी खिताब जीते हैं।