चंडीगढ़ | मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पंजाब सरकार ने सुरक्षा कड़े कर दिए हैं। हर जिले में स्पेशल डीजीपी, एडीजीपी और आईजी रैंक के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो सुरक्षा इंतज़ामों की खुद निगरानी करेंगे।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि ये अधिकारी फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान फोर्स को ब्रीफ करेंगे, आतंकवाद विरोधी अभियानों की समीक्षा करेंगे और सभी कार्यक्रमों में पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
इसी अभियान के तहत पुलिस ने पूरे राज्य में होटलों, सरायों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, बाजारों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर तलाशी अभियान चलाया।
नशे के खिलाफ घेराबंदी और तलाशी मुहिम (C.A.S.O.) के 166वें दिन 399 जगहों पर छापेमारी की गई। इसमें 52 एफआईआर दर्ज हुईं और 84 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 4.8 किलो हेरोइन, 40 किलो भुकी और 4.90 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
स्पेशल डीजीपी अरपित शुक्ला ने कहा कि पंजाब पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य में शांति बनाए रखने के लिए हर कदम उठाया जा रहा है।