तरनतारन | जिले के गांव ठरू में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब करीब एक दशक से बंद पड़ी मिल के अंदर संदिग्ध पैकेट मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पैकेट से ग्रेनेड बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, पास की आटा मिल में काम करने वाले कर्मचारियों ने बंद फैक्ट्री में यह पैकेट देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। ग्रेनेड मिलने की खबर से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि ग्रेनेड यहां किस मकसद से और कब से रखा गया था।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।