Bilaspur, Subhash
बिलासपुर जिला मुख्यालय के पास आईटीआई चौक क्षेत्र में वीरवार तड़के भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आकर एक निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन पूरी तरह ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के समय भवन के अंदर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ी जानमाल की हानि हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर शहर में दुकान चलाने वाले गौरव सोनी आईटीआई चौक के पास बहुमंजिला भवन का निर्माण करवा रहे थे। भवन में दो लेंटर डाले जा चुके थे और तीसरे लेंटर का काम शुरू होने ही वाला था। लेकिन पहाड़ी से अचानक भूस्खलन होने पर पूरा ढांचा जमींदोज हो गया। हादसे में भवन मालिक को लाखों का नुकसान हुआ है।भूस्खलन के बाद पहाड़ी के ऊपर बने मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा है। प्रभावित क्षेत्र को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है और फिलहाल पहाड़ी को तिरपाल से ढककर स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है।