पटियाला | लगातार बारिश के चलते टांगरी और मारकंडा नदियाँ खतरे के करीब पहुँच गई हैं। पटियाला-पेहोवा रोड पर मारकंडा नदी का पानी 21.5 फुट तक पहुँच गया है, जबकि खतरे का निशान 22 फुट है। वहीं, टांगरी नदी का बहाव 12.5 फुट नापा गया, जो खतरे के निशान 12 फुट से आधा फुट ऊपर है।
घग्गर नदी में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। सराला कलां के पास पानी का स्तर 6 फुट रह गया है, जबकि दो दिन पहले यह 10 फुट तक पहुँच चुका था। घग्गर खनौरी सायफन पर लगभग भर चुका है, यहाँ बहाव 741.6 फुट नापा गया, जबकि खतरे का निशान 748 फुट है।
जिला प्रशासन ने आसपास के गांवों के निवासियों को सतर्क रहने और नदियों के पास न जाने की चेतावनी जारी की है। ऊंटसर, नन्हेड़ी, संजरपुर, लाछड़ू, कमालपुर, रामपुर, सौंटा, माड़ू, चमारू, भसमड़ा, जलाहखेड़ी, हडाणा, पुर और सिरकप्पड़ा के लोग सतर्क रहें। प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में होने की जानकारी दी और घबराने की आवश्यकता नहीं बताई।