नई दिल्ली | कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आवारा कुत्तों को लेकर उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी संशोधित निर्देशों का स्वागत किया। उन्होंने इसे पशु कल्याण और जन सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने वाला एक प्रगतिशील कदम बताया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह दृष्टिकोण न केवल करुणा से प्रेरित है, बल्कि वैज्ञानिक और तर्कसंगत भी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर साझा किए गए अपने संदेश में कहा कि कोर्ट का यह कदम समाज और जानवरों दोनों के लिए संतुलित और जिम्मेदार निर्णय है।
उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को आश्रय स्थलों से छोड़ने पर रोक संबंधी 11 अगस्त के अपने पूर्वनिर्देश में संशोधन करते हुए शुक्रवार को कहा कि पकड़े गए कुत्तों का बंध्याकरण और टीकाकरण किया जाए, और उन्हें वापस उसी इलाके में छोड़ा जाए, जहां से वे पकड़े गए थे।
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली तीन न्यायाधीशों की विशेष पीठ ने स्पष्ट किया कि रेबीज से संक्रमित या आक्रामक कुत्तों पर यह आदेश लागू नहीं होगा।