भिवानी | हरियाणा पुलिस अब सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वाले इंफलुएंसर्स और यूट्यूबर्स पर नजर बनाए हुए है। डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने बताया कि ऐसे लोग सुर्खियां बटोरने और खुद को पॉपुलर दिखाने के लिए बिना तथ्यों के कंटेंट साझा करते हैं, जिससे समाज में भ्रम और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठते हैं।
डीजीपी ने कहा कि प्रशासन ने ऐसे इंफलुएंसर्स के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और उनके लिए एक विशेष डाटा बेस तैयार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे भ्रामक कंटेंट बनाने वालों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
भिवानी पुलिस ने पहले ही फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे यूट्यूबर्स के खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस का उद्देश्य है कि भविष्य में सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार पर नियंत्रण रहे और जनता तक वास्तविक जानकारी पहुंचे।