जींद | मनीषा मर्डर मामले में सरकार द्वारा सीबीआई जांच की घोषणा पर इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। जींद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चौटाला ने कहा कि यह केवल दिखावा है और सीबीआई भाजपा सरकार की कठपुतली बन चुकी है। उन्होंने नफे सिंह राठी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि दो साल बीत जाने के बावजूद उस मामले में कोई ठोस परिणाम नहीं निकला।
चौटाला ने जजपा पर भी हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 2019 के चुनावों में जजपा ने जनता की भावनाओं का लाभ उठाकर 10 सीटें जीतीं, लेकिन फिर भाजपा के साथ मिलकर अपनी असली पहचान खो दी। उन्होंने कहा कि जनता अब जजपा की असलियत समझ चुकी है और पार्टी की स्थिति इतनी कमजोर है कि वे बैठक तक नहीं कर पा रहे।
सिरसा से विधायक गोकुल सेतिया पर भी चौटाला ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गोकुल सेतिया भाजपा के साथ मिल चुके हैं और मंच पर जाकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ करते हैं। चौटाला ने यह भी बताया कि विधानसभा सत्र में उनके बेटे व पार्टी के सदस्यों को वॉकआउट नहीं करना है, बल्कि सरकार को कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर कटघरे में लाना उनकी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सत्र में लाइन ऑर्डर को लेकर बड़ा प्रस्ताव आएगा और इनेलो इसका पुरजोर विरोध करेगी।