बहादुरगढ़ | लाइनपार क्षेत्र में बारिश और जलभराव के बीच खेल-खेल में जा रहा 10 वर्षीय मासूम कृष की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। बच्चे का हाथ एक किराना दुकान के शटर से छू गया, जिसमें करंट था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरसात के कारण विकास नगर चौक के आसपास जलभराव था। कृष किनारे से गुजर रहा था तभी शटर से संपर्क हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को शटर से अलग किया और निजी क्लिनिक में प्राथमिक उपचार दिलाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक कृष दो भाइयों में सबसे छोटा था और विकास नगर का रहने वाला था। हादसे की सूचना पाकर परिजन अस्पताल पहुंचे और चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोग बताते हैं कि हर बरसात में इलाके में कई फुट पानी भर जाता है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है और हादसों का खतरा बना रहता है।