अमेरिका | अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सनसनीखेज दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध को ‘‘परमाणु युद्ध’’ में बदलने से रोका था। ट्रंप के अनुसार, उन्होंने दोनों देशों को धमकी दी थी कि अगर संघर्ष विराम नहीं हुआ तो अमेरिका कोई व्यापार समझौता नहीं करेगा और कड़े शुल्क लगा देगा।
व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की थी। ट्रंप ने मोदी से पूछा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्या चल रहा है, जिस पर उन्हें पता चला कि हालात बेहद तनावपूर्ण हैं।
ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने मोदी से साफ कहा था – “अगर तुम लोग युद्ध में उलझे तो मैं समझौता नहीं करूंगा और तुम्हारे देश पर इतने ऊंचे शुल्क लगा दूंगा कि तुम्हारा सिर चकरा जाएगा।” ट्रंप के मुताबिक, उनकी चेतावनी के पांच घंटे बाद ही युद्ध विराम हो गया।
उन्होंने यह भी कहा कि उस दौरान “सात या उससे अधिक विमान” गिराए गए थे, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किस देश के विमान थे।
गौरतलब है कि ट्रंप इससे पहले भी कई बार कह चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान सहित दुनिया के सात युद्ध रोकवाए। जबकि भारत सरकार का रुख साफ है कि पाकिस्तान के साथ संघर्ष विराम का निर्णय दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच सीधे संवाद से हुआ था। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संसद में तीसरे पक्ष की किसी भूमिका को सिरे से खारिज किया है।