भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले के गांव मंढाना में शराब ठेके पर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने ठेके के सेल्समैन पर गोलियां चलाई। सेल्समैन मंजीत तो सुरक्षित बच गया, लेकिन शराब खरीदने आए रोहताश को गोली लगी।
घटना शाम 7:45 बजे के करीब हुई। जानकारी के अनुसार, सेल्समैन मंजीत को पहले ही फोन पर धमकी मिली थी। धमकी में कहा गया था कि अगर ठेका बंद नहीं किया तो पहला निशाना वही होगा।
रात को दो युवक मोटरसाइकिल पर आए। एक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा पिस्तौल लेकर ठेके के सामने पहुंचा और कई फायर किए। सेल्समैन मंजीत ने मौके पर ही खुद को नीचे झुकाकर बचाया। गोलीबारी के बाद आरोपी तिगड़ाना की तरफ भाग निकले।
घायल रोहताश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस और क्राइम सीन टीम ने मौके का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।