हाजीपुर | पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिसके चलते बी.बी.एम.बी. ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को बांध से ब्यास नदी में 1,04,989 क्यूसेक पानी छोड़ा। बांध के टरबाइन और स्पिलवे गेट के माध्यम से शाह नहर बैराज में यह पानी छोड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम 7 बजे पौंग डैम में पानी की आमद 59,795 क्यूसेक दर्ज की गई और जलस्तर 1,392.81 फीट पर पहुंच गया। शाह नहर बैराज से ब्यास नदी में 93,489 क्यूसेक और मुकेरियां हाइडल नहर में 11,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस कारण निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा गंभीर रूप ले चुका है।
पौंग डैम से छोड़े गए पानी के प्रभाव से पंजाब के कई जिले प्रभावित हुए हैं। हजारों एकड़ फसलें पानी में डूब गई हैं और कई घरों में पानी घुसने के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।