मोहाली | पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने मोहाली में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात शूटर को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान होशियारपुर के बाघपुर मंदिर निवासी विपिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने इस गिरफ्तारी की जानकारी (X) पर साझा की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विपिन हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के ख्वाजा बसल गांव में हुए राकेश कुमार उर्फ गग्गी हत्याकांड का मुख्य शूटर था। यह हत्या विदेशी गैंगस्टरों और स्थानीय गिरोहों के बीच चल रही गैंगवार का हिस्सा बताई जा रही है।
पुलिस जांच से पता चला है कि आरोपी के सीधे तार विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों लाडी भज्जल उर्फ कूनर और मोनू गुज्जर (रवि बलाचौरिया गिरोह) से जुड़े हुए थे। वहीं मृतक गग्गी, गैंगस्टर बब्बी राणा का करीबी माना जाता है, जो सोनू खत्री गिरोह से जुड़ा है।
डीजीपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में उसके नेटवर्क और विदेशी हैंडलरों के बारे में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।