चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने राज्यभर में 9 सितंबर से सभी स्कूलों को खोलने का फैसला किया है। हालांकि, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के स्कूल अभी बंद रहेंगे।
फिरोजपुर की डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने जानकारी दी कि जिले के 36 स्कूल बाढ़ से प्रभावित हैं, जिन्हें अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। बाकी सभी सरकारी, निजी और एडेड स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय 8 सितंबर से शिक्षकों के लिए तथा 9 सितंबर से विद्यार्थियों के लिए सामान्य रूप से खुलेंगे।
डीसी ने बताया कि 8 सितंबर को शिक्षक स्कूल पहुंचकर सफाई और व्यवस्थाओं की देखरेख करेंगे। इसके बाद 9 सितंबर से छात्रों की नियमित कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
इसी तरह, जिला मजिस्ट्रेट अमरप्रीत कौर संधू ने भी आदेश जारी किए हैं कि फाजिल्का ज़िले के 30 बाढ़ प्रभावित स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन क्षेत्रों में छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश डीएम अधिनियम 2005 की धारा 30 के तहत जारी किए गए हैं।