हांसी | सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने रविवार को हांसी, नारनौंद और आसपास के दर्जन भर गांवों और शहरी क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने भाटोल जाटान, थुराना, कुंभा-जमावड़ी-शेखपुरा ड्रेन, हांसी सिटी, भटला, चन्नोट और घिराई जैसे प्रभावित इलाकों में लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान सांसद जय प्रकाश भी मौजूद रहे।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी के कारण जलभराव की स्थिति भयावह हो गई है। बड़े पैमाने पर फसल और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। पूरे प्रदेश में लगभग 10.80 लाख एकड़ फसल जलभराव से प्रभावित हुई है।
ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि लगातार बारिश और ड्रेन की सफाई न होने के कारण खेतों में पानी भर गया और फसल बर्बाद हो गई। कई क्षेत्रों में अगली फसल की बिजाई भी असंभव हो गई है। इसके अलावा घरों और दुकानों को भी गंभीर नुकसान हुआ है।
सांसद ने कहा कि पंजाब, उत्तराखंड, कश्मीर और गुजरात जैसे राज्यों में राहत पैकेज की घोषणा हो चुकी है, लेकिन हरियाणा में अब तक कोई राहत पैकेज नहीं आया। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जल्द से जल्द बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को कम से कम 60,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाना चाहिए, और जिनकी अगली फसल की बिजाई संभव नहीं होगी, उन्हें डबल मुआवजा मिले। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित रिहायशी इलाकों में क्षतिग्रस्त घरों और दुकानों का सर्वे कर मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।