फरीदकोट | फरीदकोट पुलिस ने नशा तस्करी के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार की अगुवाई में नाकाबंदी के दौरान दो तस्करों को 12 किलो 100 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुखबिर की सूचना पर गांव झाड़ी वाला में संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई। इसके दौरान सुखप्रीत सिंह (गांव झाड़ी वाला) और कादर सिंह (जिला फिरोजपुर) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान 12 किलो 100 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है।
डॉ. प्रज्ञा जैन ने आगे बताया कि आरोपियों ने ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से यह खेप मंगवाई थी और इसे स्थानीय स्तर पर आगे सप्लाई करने की योजना थी। यह अब तक जिले में हुई सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का पाकिस्तान में नशा तस्करों से क्या संबंध था और यह खेप कैसे लाई गई।