सिरसा | रानिया से इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने हरियाणा में बाढ़ को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चौटाला ने कहा कि बाढ़ नियंत्रण और बचाव के लिए सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, जिसकी वजह से लाखों एकड़ फसल बर्बाद हो गई। उन्होंने किसानों को कम से कम 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।
चौटाला ने आरोप लगाया कि यदि हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्री समय रहते उचित कदम उठाते, तो बाढ़ के हालात इतने गंभीर नहीं होते। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक कारणों से हरियाणा के हितों की अनदेखी की गई, जिससे दोनों राज्यों को नुकसान झेलना पड़ा।
विधायक ने बताया कि अगर पंजाब अपने वॉटर ट्रीटमेंट सिस्टम का सही उपयोग करता, तो हरियाणा के कई ऐसे क्षेत्र पानी की कमी से प्रभावित नहीं होते। इससे न केवल हरियाणा को फायदा मिलता बल्कि पंजाब भी बाढ़ की अधिक गंभीरता से बच सकता था।
चौटाला ने बाढ़ की गंभीरता का एक कारण नहरों की सफाई और मरम्मत में लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नहरों की सफाई न होने के कारण पानी की निकासी बाधित हुई और किसानों को भारी नुकसान हुआ। उनके अनुसार, प्रदेश में लगभग 3 लाख एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है, जबकि कुछ जिलों में नुकसान 12 हजार एकड़ से अधिक है।