नई दिल्ली | सिंगापुर जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट AI2380 में बुधवार शाम 200 से अधिक यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान में एयर कंडीशनिंग सिस्टम और बिजली की आपूर्ति में खराबी के कारण सभी यात्रियों को लगभग दो घंटे बाद विमान से उतारकर टर्मिनल भवन ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, विमान को रात लगभग 11 बजे दिल्ली हवाई अड्डे से उड़ान भरनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में देरी हुई। विमान में सवार कुछ यात्रियों ने बताया कि चालक दल ने उन्हें विमान से निकालने का कोई विशेष कारण स्पष्ट नहीं किया।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में यात्रियों को विमान से उतरकर टर्मिनल में इंतजार करते और हवा लेते हुए देखा जा सकता है। एयर इंडिया की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।