Mandi, Dharamveer
पंडोह पुलिस चौकी के तहत आने वाले शिवाबदार के समीप सुमानाला में सोमवार सुबह बड़ा हादसा पेश आया। नाले के तेज बहाव में दो चचेरे भाई बह गए। ग्रामीणों की मदद से तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें एक युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुमा गांव से करीब 15-16 लोग सायर पर्व के अवसर पर देवता शुकदेव ऋषि थट्टा के मंदिर आशीर्वाद लेने गए थे। वापसी के दौरान सुमानाला को पार करते समय हादसा हुआ। ग्रामीणों ने नाले पर लकड़ियों से अस्थायी पुल बना रखा था, लेकिन अचानक वह टूट गया, जिससे दोनों युवक बह गए।मृतक की पहचान प्रेम सिंह निवासी सुमा गांव के रूप में हुई है, जबकि उसका चचेरा भाई मनोहर लाल अभी तक लापता है। पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और लापता युवक की तलाश जारी है। हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।