चंडीगढ़ | किसानों के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा में अब नई शुगर मिलें खोली जा सकेंगी। राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा की। बैठक के बाद सीएम ने बताया कि फसल विविधीकरण और गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए शुगर मिलों के बीच की अनिवार्य दूरी को 25 किलोमीटर से घटाकर 15 किलोमीटर करने का प्रस्ताव दिया गया था, जिसे केंद्र ने स्वीकृति दे दी है।
फिलहाल हरियाणा में 14 शुगर मिल संचालित हो रही हैं, जिनमें 11 सहकारी और 3 निजी मिल शामिल हैं। मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार उत्तरी हरियाणा में एक नई शुगर मिल खोलने का ऐलान कर सकती है।