अमेरिका | अमेरिका के यूटा राज्य से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। साल्ट लेक सिटी में एफबीआई ने पाकिस्तानी मूल के दो नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने एक न्यूज चैनल की वैन के नीचे बम लगाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि यह साजिश उस चैनल को डराने के लिए रची गई थी, क्योंकि वह चार्ली करक की मौत से जुड़ी खबरें प्रसारित कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 58 वर्षीय अदीब नासिर और उसके बेटे 31 वर्षीय आदिल अहमद नासिर के रूप में हुई है, जो मैगना (यूटा) के रहने वाले हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि वैन के नीचे संदिग्ध विस्फोटक रखा गया है। सूचना मिलते ही इलाके को खाली कराया गया। बम स्क्वाड ने मौके पर पहुंचकर बम को डिफ्यूज कर बड़ा हादसा टाल दिया।
पुलिस जांच में आरोपियों के घर से हथियार, नशीले पदार्थ और खतरनाक उपकरण बरामद हुए। इससे शक गहरा गया है कि दोनों किसी बड़ी आतंकी या आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
दोनों को अदालत में पेश करने के बाद फेडरल कोर्ट ने बिना जमानत हिरासत में भेज दिया है। अब अमेरिकी जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह हमला केवल चैनल को डराने की कोशिश थी या फिर इसके पीछे कोई बड़ा षड्यंत्र छिपा है।