जालंधर | देर रात शहर में हंगामा उस समय खड़ा हो गया जब भोगपुर थाना क्षेत्र में लोगों ने एक ट्रैवल एजेंट को पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बेटे की आत्महत्या से गुस्से में परिवार
पीड़ित परिवार का आरोप है कि एजेंट ने उनके बेटे को अमेरिका भेजने के नाम पर लाखों रुपए लिए, लेकिन वादा पूरा नहीं किया। धोखाधड़ी से परेशान बेटे ने आत्महत्या कर ली। परिवार का कहना है कि एजेंट ने केवल उनके साथ ही नहीं बल्कि कई अन्य परिवारों से भी करोड़ों की ठगी की है।
चार महीने से थी तलाश
परिवार ने बताया कि वे पिछले चार महीनों से पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जब उन्हें खुद उसका ठिकाना मिला तो उन्होंने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया।
सख्त कार्रवाई की मांग
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपी लंबे समय से पैसों की ठगी कर रहा था। उन्होंने मांग की कि जब तक ठगे हुए पैसे वापस नहीं मिलते, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को हिरासत में लेकर ठगी और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने कितने परिवारों से ठगी की और किन लोगों की संलिप्तता रही।