भिवानी | भिवानी में मनीषा की संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआई की टीम लगातार 17वें दिन भी जांच में लगी रही। टीम ने ढिगावामंडी स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक पहुंचकर बैंक अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के संबंध में पूछताछ की।
शाम करीब 5:20 बजे चार सदस्यीय सीबीआई दल मनीषा के ढाणी लक्ष्मण स्थित घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों से करीब दो घंटे तक पूछताछ की। टीम ने शाम 7:20 बजे अपने कार्य को समाप्त किया और जांच रिपोर्ट के लिए वापस लौटी।
सीबीआई ने इस मामले में तीन सितंबर से लगातार जांच की है। गवाहों से पूछताछ में टीम बार-बार उन्हीं सवालों को दोहरा रही है जो पहले लिखित बयान में दर्ज किए जा चुके हैं। इसके अलावा, घटनास्थल पर दिल्ली की फॉरेंसिक टीम के साथ विस्तृत जांच भी की जा चुकी है।
फिलहाल मनीषा के शव का तीन बार पोस्टमार्टम किया जा चुका है और सीबीआई ने 30 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। बावजूद इसके 17 दिन बीत जाने के बाद अब तक कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगा है।