हरियाणा | शारदीय नवरात्र के पहले दिन प्रदेश में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने परिवार के साथ श्री माता मनसा देवी मंदिर पहुंचे और माता के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना और यज्ञ-हवन में भी भाग लिया।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जय माता दी के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की और कहा कि नवरात्र जैसे पावन पर्व समाज में आस्था, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देते हैं।
सीएम सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि 15 अगस्त को घोषित जीएसटी सुधारों को महज एक महीने में लागू किया गया। कई आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी दरों को शून्य कर दिया गया है, जिससे आम जनता और व्यापारियों को राहत मिली है।
विपक्ष के बयानों पर टिप्पणी करते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता जीएसटी सुधारों का विरोध कर रहे हैं, जबकि हरियाणा में 4 हजार करोड़ रुपये का लाभ आम जनता तक पहुंचा है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में धान की खरीद प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है और नई जीएसटी दरें लागू हो चुकी हैं।