यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। कुरुक्षेत्र के ढांड रोड पर टाटा हैरियर और मारुति स्विफ्ट कार की आमने-सामने टक्कर में स्विफ्ट सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे परिवार के सदस्य
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यमुनानगर के गोपाल नगर निवासी परिवार रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कैथल के कुराड़ गांव जा रहा था। स्विफ्ट में सवार लोगों की पहचान पंडित पवन कौशिक (57), उनकी पत्नी उर्मिला (49), बेटी वंशिका (23), भाई राजेंद्र (53) और संजय की पत्नी सुमन (45) के रूप में हुई। कार चालक प्रवीन समेत सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि हादसा एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान हुआ। दोनों गाड़ियों की रफ्तार इतनी तेज थी कि सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
परिवार में केवल 13 वर्षीय बेटा बचा
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक पंडित पवन कौशिक के परिवार में अब सिर्फ उनका 13 वर्षीय बेटा तन्मय ही बचा है, जो नौवीं कक्षा का छात्र है। महज तीन दिन पहले परिवार ने पवन का जन्मदिन धूमधाम से मनाया था। तन्मय ने ही अपने माता-पिता, बहन और अन्य परिजनों की चिताओं को मुखाग्नि दी, जिससे श्मशान घाट का दृश्य बेहद मार्मिक हो गया।
घायलों का इलाज जारी
टाटा हैरियर में सवार पबनावा गांव निवासी ऋषि पाल (55), उनकी पत्नी लीला देवी (52), संतोष (45) और प्रवीण (40) गंभीर रूप से घायल हुए। सभी को कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के दौरान एयरबैग खुल जाने से उनकी जान बच गई।