चंडीगढ़ | प्रदेश सरकार ने दिवाली से पहले चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। अब वे 13 हजार रुपये तक का ब्याजमुक्त अग्रिम ले सकेंगे। इसके लिए कर्मचारियों को 14 अक्तूबर तक आवेदन करना होगा। इस कदम से त्योहारों के मौसम में हजारों परिवारों को आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है।
वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह सुविधा स्थायी और अस्थायी दोनों कर्मचारियों को उपलब्ध होगी, बशर्ते अगले 10 महीनों तक उनकी सेवा जारी रहने की संभावना हो। अग्रिम स्वीकृत करने के लिए किसी स्थायी सरकारी कर्मचारी की जमानत आवश्यक होगी।
सरकार ने यह भी तय किया है कि ली गई राशि कर्मचारियों को 10 समान किस्तों में वापस करनी होगी।