Shimla, 1 October
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने रामपुर डिवीजन को आपदा से प्रभावित सड़कों व डंगों की मरम्मत के लिए लगभग 17 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। उन्होंने तकलेच में बाढ़ प्रभावित सड़कों के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया और विभाग को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य मजबूती के साथ और तय समय सीमा में पूरे हों।
मंत्री ने कहा कि बरसात में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की बहाली सरकार की प्राथमिकता है। दीर्घकालिक समाधान के लिए जियोलॉजिकल स्टडी और मिटिगेशन योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने जोर दिया कि मलबे की डंपिंग पर्यावरण को नुकसान पहुँचाए बिना निर्धारित स्थलों पर होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि वे अपने प्रदेशवासियों के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहेंगे और यही शिक्षा उन्हें अपने दिवंगत पिता, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिली है।
इस दौरान तकलेच के विश्राम गृह में उन्होंने दियोठी, खुल, मुनीश और काशापाठ पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याएं भी सुनीं। विधायक नंद लाल और जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी ने भी क्षेत्र की समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
झाखड़ी में आर.के. फिटनेस जिम का उद्घाटन
रामपुर दौरे के दौरान मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने झाखड़ी में आर.के. फिटनेस जिम का उद्घाटन किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलकूद और व्यायाम की ओर ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नशा युवाओं को खोखला कर रहा है और स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।
झाखड़ी में 135 करोड़ से बनेगा नया पुल
झाखड़ी में लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने जानकारी दी कि क्षेत्र के लिए 135 करोड़ रुपये लागत का नया पुल केंद्र सरकार से स्वीकृत हुआ है।
उन्होंने कहा कि वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बहाली कार्यों का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में 1 अक्टूबर को गानवी क्षेत्र का भी दौरा करेंगे।