चंडीगढ़ | पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुनियां और लालजीत सिंह भुल्लर ने जिला तरनतारन में ‘मेरा घर, मेरा मान’ योजना की औपचारिक शुरुआत की। इस योजना के तहत लाल लकीर के अंदर आने वाली जमीन और संपत्ति के मालिकाना हक लाभार्थियों को सौंपी जा रही है। इस मौके पर हल्का तरनतारन के 11 गांवों के लाभार्थियों को प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए गए।
मंत्री मुनियां ने कहा, “आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि अब लोग अपनी संपत्ति पर अधिकार प्राप्त करेंगे। तरनतारन से शुरू हुई यह मुहिम पूरे पंजाब में नई क्रांति लेकर आएगी और इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।” उन्होंने बताया कि यह योजना पूरे राज्य में *मिशन मोड में लागू की जा रही है और दिसंबर 2026 तक पंजाबभर में पूरी तरह से लागू कर दी जाएगी।
मुनियां ने प्रॉपर्टी कार्ड के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह कार्ड आपकी जमीन का स्पष्ट, डिजिटल और सरकारी रिकॉर्ड होगा। अब किसी को यह कहने का अधिकार नहीं होगा कि आपके पास जमीन का कोई प्रमाण नहीं है। इसके अलावा, यह प्रॉपर्टी कार्ड बैंक में लोन और वित्तीय लेनदेन के लिए भी गारंटी दस्तावेज़ के रूप में उपयोग किया जा सकेगा।
इस मौके पर हल्का इंचार्ज तरनतारन हरमीत सिंह संधू, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर राजदीप सिंह बराड़, एस.डी.एम. तरनतारन गुरमीत सिंह, जिला माल अधिकारी गुरप्रीत सिंह ढिल्लों समेत अन्य अधिकारी और विभिन्न गांवों के लाभार्थी मौजूद थे।