Shimla, Sanju
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती देशभर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। शिमला में भी इस अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दोनों महान विभूतियों को याद किया और उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आज का दिन देश के लिए विशेष है, क्योंकि आज ही दो ऐसे महान सपूत जन्मे जिन्होंने भारत को नई दिशा दी। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को आजादी दिलाई और जीवनभर सादगी का संदेश दिया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने “जय जवान जय किसान” का नारा देकर देश को आत्मनिर्भरता की राह दिखाई। राज्यपाल ने दशहरे की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि आज के दिन समाज से बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। गांधी जी ने विदेशी शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद सरल जीवन चुना और सत्य व अहिंसा से आजादी की लड़ाई लड़ी। वहीं शास्त्री जी ने कठिन परिस्थितियों में देश को आत्मनिर्भर बनाने की राह दिखाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके सिद्धांतों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने बढ़ते नशे पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश में इसके खिलाफ कड़ा अभियान चलाया जाएगा।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व अच्छाई की जीत और बुराई के अंत का संदेश देता है।इससे पहले जिला प्रशासन की ओर से गांधी जयंती पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जो सीटीओ से लोअर बाजार होते हुए रिज तक निकाली गई।