पानीपत | पानीपत में इनेलो जिला अध्यक्ष के फार्म हाउस पर देर रात एक गंभीर वारदात हुई। जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे लगभग 15-16 हथियारबंद बदमाश फार्म हाउस में जबरन घुस आए और कब्जा करने का प्रयास किया। इस दौरान फार्म हाउस में मौजूद महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की गई और नकदी तथा जेवरात लूट कर बदमाश मौके से फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई वारदात
बदमाशों के इस हमले का पूरा वीडियो फार्म हाउस में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। भागने के दौरान एक बदमाश टिन की छत से गिर गया और उसका पैर टूट गया। घायल बदमाश सुबह फार्म हाउस में मिला और उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया।
आरोपियों की पहचान
पुलिस ने इस घटना में शामिल कुछ बदमाशों के नाम सार्वजनिक किए हैं, जिनमें रवि बाल जाटान, राजेश मलिक (कच्चा फाटक, काबड़ी रोड) और सुनील शर्मा (बाबरपुर) शामिल हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी
सदर थाना के SHO बलजीत सिंह ने बताया कि यह वारदात फार्म हाउस पर कब्जा करने की नियत से की गई प्रतीत होती है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।यह घटना पानीपत में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के लिए एक चुनौती के रूप में सामने आई है।