सोनीपत | हरियाणा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा दायर शिकायत मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चौथी बार भी मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हुए। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नेहा गोयल ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का नोटिस जारी किया था।
वीरवार को अदालत में कार्य स्थगित रहने के कारण केवल केजरीवाल के अधिवक्ता पेश हुए। अब इस मामले की अगली सुनवाई 18 फरवरी, 2026 को निर्धारित की गई है। यह मामला 29 जनवरी को कार्यकारी अभियंता, राई वाटर सर्विसेज डिविजन, आशीष कौशिक की ओर से दायर शिकायत पर आधारित है। शिकायत में 28 जनवरी को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का हवाला दिया गया था। वीडियो में केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना नदी के पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर दिल्ली भेजने का आरोप लगाया था। वीडियो में यह भी दावा किया गया कि दिल्ली जल बोर्ड ने पानी रोककर संभावित सामूहिक नुकसान से बचाया।
सीजेएम ने पहले 17 फरवरी, 20 मार्च और 31 मई की तारीखें तय की थीं, जिसमें केजरीवाल को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। इसके बाद 9 अक्तूबर की तारीख दी गई थी, लेकिन इस बार भी वे नहीं पहुंचे। अब अगले सुनवाई की तारीख 18 फरवरी, 2026 निर्धारित है।