पंचकूला | पंचकूला में हाल ही में आयोजित ग्रीवेंस मीटिंग में आम लोगों की समस्याओं के निराकरण के बजाय राजनीतिक कटाक्ष और आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति देखने को मिली। भाजयुमो अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने मंत्री विपुल गोयल से मुखातिब होते हुए कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई पर तीखा हमला किया और कहा कि “आपकी वजह से एक साल से लापता आदमी आज यहां दिखा।”
योगेंद्र के इस कटाक्ष के बाद मीटिंग में हंगामा खड़ा हो गया। कांग्रेस नेताओं और विधायक बिश्नोई ने इस पर कड़ा एतराज जताया। स्थिति को नियंत्रित करते हुए मंत्री विपुल गोयल ने योगेंद्र शर्मा को फटकार लगाई और बिश्नोई से कहा कि यह बचकानी हरकत थी। इसके बाद मामला धीरे-धीरे शांत हुआ।
कांग्रेस पार्षद के कब्जे पर उठे विवाद
मीटिंग में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्षद सलीम दबकौली पर नगर निगम और अन्य विभागों की करीब 6 मरला जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। इस मुद्दे पर विधायक बिश्नोई ने कहा कि तीन बार पैमाइश हो चुकी है और राजनीतिक दुर्भावना से ऐसे आरोप लगाना गलत परंपरा है। नगर निगम कमिश्नर आर.के. सिंह ने बताया कि पैमाइश की रिपोर्ट अभी नहीं मिली है, अगली मीटिंग में इसे पेश कर दिया जाएगा।
DSP ने खुद को फरियादी बनाकर उठाया धोखाधड़ी का मुद्दा
रोहतक के सुनारिया में तैनात हरियाणा पुलिस के DSP सुरेंद्र यादव ने बैठक में फरियादी बनकर उपस्थित होकर बताया कि उनके साथ तीन लोगों ने मिलकर 47 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। उन्होंने कहा कि सभी सबूत पुलिस को दे दिए हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इस पर मंत्री विपुल गोयल ने पुलिस कमिश्नर से एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
कब्रिस्तान और श्मशान का मुद्दा भी उठा
मीटिंग में खटौली और जसवंतगढ़ गांव में बनाए गए कब्रिस्तान का मुद्दा भी चर्चा में आया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पहले से ही कब्रिस्तान है, इसके बावजूद श्मशान के पास नया कब्रिस्तान दिया गया। ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य ने बताया कि यह कब्रिस्तान करीब 4 साल से संचालित हो रहा है और इसे हटाना उचित नहीं होगा।