भोपाल | मध्य प्रदेश के सिवनी में पुलिसकर्मियों पर करोड़ों रुपये की हवाला राशि जब्त कर उसे आपस में बांटने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सिवनी की एसडीपीओ पूजा पांडे को निलंबित कर दिया गया। डीजीपी कैलाश मकवाना ने उन्हें सस्पेंड करने का आदेश जारी किया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सिवनी के बंडोल थाना क्षेत्र में हुई थी। 8 अक्टूबर को जालना का रहने वाला एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ महाराष्ट्र की गाड़ी में सवार होकर कटनी से नागपुर हवाला के करोड़ों रुपये ले जा रहा था।
पुलिस को इस बारे में सूचना मिली और आरोपियों का पीछा किया गया। आधी रात को पुलिस ने जंगल में कार रोककर आरोपियों को पकड़ लिया और हवाला की 3 करोड़ रुपये की राशि जब्त की। लेकिन इसके बाद आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी अवैध तरीके से आरोपियों को मौके से भागा दिया और बरामद रकम को आपस में बाँट लिया।
इस मामले में एसडीपीओ पूजा पांडे की भूमिका पर भी सवाल उठे, क्योंकि उन्हें पूरी घटना की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते उन्हें डीजीपी के निर्देश पर निलंबित किया गया है।