अमृतसर। पंजाब बॉर्डर पर तैनात सतर्क सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पिछले 24 घंटों में दो अलग-अलग अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में हेरोइन, आइस ड्रग (मेथामफेटामिन) और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
अमृतसर सेक्टर में ड्रोन गतिविधि के संदेह के बाद बीएसएफ ने पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान गांव भैणी राजपूताना के पास खेतों से एक बड़ा पैकेट बरामद हुआ, जिसमें तीन छोटे प्लास्टिक डिब्बों में रखी 3.049 किलोग्राम मेथामफेटामिन मिली।
बीएसएफ ने अटारी गांव के पास मध्यरात्रि में एक और रणनीतिक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान तीन बड़े पैकेटों से कुल 15 छोटे पैकेट बरामद किए गए, जिनमें 7.985 किलोग्राम हेरोइन, 290 ग्राम अफीम और 34 पाकिस्तानी ऑर्डनेंस फैक्ट्री में बने जिंदा कारतूस शामिल थे।
बीएसएफ ने बताया कि इन अभियानों से यह स्पष्ट होता है कि पाकिस्तानी सीमा पार से नशा तस्करी की कोशिशें लगातार हो रही हैं, लेकिन बीएसएफ नशा और आतंकी नेटवर्क को नाकाम करने में पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।