साउथ कैरोलिना, अमेरिका I राज्य के सेंट हेलेना द्वीप स्थित एक बार में रविवार तड़के हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई और कम से कम 20 अन्य घायल हुए हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
पुलिस के अनुसार, विलीज़ बार एंड ग्रिल में जब शेरिफ के सहायक पहुंचे, तो वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और कई लोग गोली लगने से घायल थे।
ब्यूफोर्ट काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बयान में कहा: “कई लोग गोलियों से बचने के लिए आसपास के प्रतिष्ठानों और संपत्तियों की ओर भागे। यह सभी के लिए एक दुखद घटना है। हम मामले की जांच कर रहे हैं और आपसे धैर्य रखने का अनुरोध करते हैं। हमारी संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।”
घायलों में से चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उन्हें क्षेत्रीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।