गुड़गांव | नगर निगम गुड़गांव (MCG) ने मालिबु टाउन क्षेत्र में सड़कों की रिकार्पेटिंग में लापरवाही बरतने पर ठेकेदार कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। निगम ने कार्य की खराब गुणवत्ता को देखते हुए संबंधित एजेंसी पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और दोबारा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप काम पूरा करने के आदेश दिए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, निगम ने यह ठेका देशवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी को 5.75 करोड़ रुपये की लागत से सौंपा था। कंपनी ने मानसून से पहले काम शुरू किया था, लेकिन निरीक्षण के दौरान सड़कों की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। चेतावनी के बाद भी कंपनी ने सुधार नहीं किया, जिसके चलते अब निगम ने अंतिम नोटिस जारी किया है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि एजेंसी ने अब भी मानकों का पालन नहीं किया तो उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और परियोजना को रिस्क एंड कॉस्ट के आधार पर किसी अन्य कंपनी को सौंपा जाएगा। निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर के बुनियादी ढांचे में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।