हरियाणा | हरियाणा में सुबह और रात के समय ठंड का अनुभव बढ़ने लगा है। राज्य में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से रात का तापमान लगातार गिर रहा है। महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 15.9°C दर्ज किया गया, जबकि हिसार में 16.5°C और नारनौल में 16.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। दिन के तापमान में हल्की वृद्धि की संभावना बताई जा रही है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 22 अक्टूबर तक हरियाणा का मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा। इस दौरान दिन का तापमान 30 से 32°C और रात का न्यूनतम तापमान 15 से 18°C के बीच रहने की संभावना है। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की हल्की गति के कारण रात का तापमान थोड़ा कम बना रहेगा।
आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. शिवेंद्र सिंह ने बताया कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में हुई बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस बार तापमान औसत से कम है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य में लगभग 30 मिमी बारिश हुई थी, जो रिकॉर्ड के रूप में दर्ज की गई है।