कैथल | दीपावली की रात खुशियों के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। हुड्डा सेक्टर 19/2 के मकान नंबर 825 के बाहर खड़ी कार में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि ऊपर से गिरा जलता हुआ पटाखा कार की बोनट पर गिर गया, जिससे कुछ ही पलों में कार धू-धू कर जल उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास के लोग छतों पर पटाखे चला रहे थे। तभी एक रॉकेट जैसे पटाखे ने कार को निशाना बना लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार जलकर खाक हो गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों की दीवारें भी तपने लगीं। सौभाग्य से उस समय कार के पास कोई व्यक्ति नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल दिवाली पर इस तरह की घटनाएं होती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस सुरक्षा प्रबंध नहीं किए जाते। लोगों ने अपील की है कि पटाखे चलाते समय सावधानी बरती जाए और वाहनों को खुले में न छोड़ा जाए। फिलहाल पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।