सिरसा | थाना डिंग पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी हरविंद्र सिंह, निवासी भावदीन (जिला सिरसा), को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर की गई है।
मामला 12 अक्टूबर का है, जब पीड़िता की मां ने थाना डिंग में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 11 अक्टूबर की दोपहर घर से अचानक लापता हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी हरविंद्र सिंह लड़की को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 17 अक्टूबर को नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया। मेडिकल जांच और काउंसलिंग के बाद पुलिस ने मामले में पोक्सो एक्ट की धाराएं भी शामिल कर दीं। 18 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। बाद में उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।