Kangra, Rahul
कांगड़ा जिले में बीड़-बिलिंग से लापता कनाडा निवासी पैराग्लाइडर पायलट मैगन एलिज़ाबेथ का शव धौलाधार की तलहटी में बरामद किया गया है। यह जानकारी कांगड़ा की एडीएम शिल्पी वेक्टा ने दी है।
एडीएम शिल्पी वेक्टा ने बताया कि 19 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि विदेशी पैराग्लाइडर पायलट ने बीड़-बिलिंग से सोलो उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के दौरान वह दिशा भटक गईं और धौलाधार की पहाड़ियों में कहीं लापता हो गईं।सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम को आदी हिमानी चामुंडा की पहाड़ियों की ओर रवाना किया गया और दिन के उजाले में हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई। हालांकि इलाके की दुर्गमता के कारण अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने महिला पायलट को ढूंढ निकाला। दुर्भाग्यवश, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
टीम द्वारा मृतका का शव कांगड़ा लाया गया है और टांडा मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया गया है। एडीएम शिल्पी वेक्टा ने बताया कि यह सोलो फ्लाइट थी, इसलिए घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा.