लुधियाना | शहर के प्रसिद्ध वेरका मिल्क प्लांट में अचानक हुए भयंकर धमाके से हड़कंप मच गया। हादसे में 6 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तुरंत डी.एम.सी. अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इनमें से एक कर्मचारी की स्थिति बेहद नाजुक बताई है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा प्लांट के एयर हीटर सेक्शन में हुआ, जहां अचानक तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हुआ। धमाके की गूंज से फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे।
वेरका मिल्क प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना सराभा नगर के एसएचओ आदित्य शर्मा और उनकी टीम मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में ब्लास्ट के पीछे तकनीकी खराबी होने की आशंका जताई गई है।
घायलों की पहचान कलुवंत सिंह, कुनाल जैन, अजीत सिंह, पुनीत कुमार, दविंदर सिंह और गुरतेज के रूप में हुई। डॉक्टरों की टीम लगातार कुनाल जैन की गंभीर स्थिति पर नजर रख रही है।
पुलिस ने मौके को सील कर फॉरेंसिक टीम बुला दी है। हादसे के बाद प्लांट में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने हादसे की पूरी जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती रिपोर्ट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की संभावना भी जताई जा रही है।