सफीदों। नगर की आदर्श कॉलोनी स्थित राजकीय मिडल स्कूल में बिजली बिल भुगतान के लिए शिक्षा विभाग की ओर से करीब एक साल तक बजट नहीं भेजे जाने के कारण शुक्रवार को बिजली निगम के अधिकारियों ने स्कूल का मीटर ही उखाड़ लिया।
इस कदम के बाद स्कूल में पढ़ाई प्रभावित हुई। बच्चों को पीने के पानी और शौचालय में पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। इसके अलावा स्कूल के सभी कंप्यूटर, पंखे, ट्यूब लाइट और अन्य विद्युत उपकरण बंद हो गए। स्कूल में सोलर बिजली की व्यवस्था भी नहीं है।
स्कूल के प्रधानाचार्य शमशेर सिंह ने बताया कि अगस्त 2024 से बी.ई.ओ. कार्यालय सफीदों में बार-बार बजट के लिए डिमांड लैटर भेजे गए, लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। बिजली निगम ने कई बार चेतावनी दी थी, लेकिन अंततः शुक्रवार को मीटर उखाड़कर ले जाया गया।
बी.ई.ओ. कार्यालय द्वारा भी कई बार स्कूल को बिल भुगतान के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।